शराब के नशे में लिव इन रिलेशन में रह रही प्रेमिका की हत्या

premika ki hatya

सरगुजा. कोरिया जिले में लिव इन रिलेशन में रह रही युवती को उसके प्रेमी ने शराब के नशे में धुत होकर बेदम पीट दिया। गंभीर रूप से घायल युवती की अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवती अपने प्रेमी के साथ करीब दो वर्ष पूर्व गई थी। आए दिन मारपीट करने से परेशान होकर उसने प्रेमी को छोड़ दिया था। प्रेमी उसे एक माह पूर्व फिर से वापस लेकर गया था। पुलिस ने मामले में बयान दर्ज किया है। मामला कोरिया पुलिस को भेजा जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के रामानुजनगर निवासी पतरापाली निवासी सूरजमनिया (33) का दो वर्ष पूर्व प्रेम संबंध कोरिया जिले के गुलिया सरई निवासी नारायण सिंह (33) से बन गया था। सूरजमनिया अपने प्रेमी के घर स्थानीय रिवाज के हिसाब से ढूकू चली गई थी एवं प्रेमी के घर लिव इन रिलेशन में रह रही थी। नारायण सिंह ने कुछ दिनों बाद ही सूरजमनिया से शराब पीकर मारपीट शुरू कर दी।

परिजनों ने बताया कि मारपीट से परेशान होकर सूरजमनिया ने अपने प्रेमी को छोड़ दिया था और एक वर्ष से वापस मायके में रह रही थी। करीब एक माह पूर्व प्रेमी नारायण सिंह पतरापाली सूरजमनिया के घर पहुंचा और आश्वसासन दिया कि वह मारपीट नहीं करेगा। वह सूरजमनिया को लेकर वापस कोरिया चला गया।

करीब एक सप्ताह पूर्व नारायण सिंह शराब पीकर घर पहुंचा और उसने सूरजमनिया की हाथ-मुक्के से बेदम पिटाई कर दी। मारपीट में सूरजमनिया गंभीर रूप से घायल हो गई। नारायण सिंह ने उसका कोई उपचार नहीं कराया। अंदरूनी चोटों के कारण हालत बिगड़ी तो नारायण सिंह ने सूरजमनिया की मां रजमनिया को फोन कर उसके बीमार होने की जानकारी दी।

मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मौत

चार दिनों पूर्व सूरजमनिया को बैकुंठपुर जिला अस्पताल में दाखिल किया गया, जहां से रेफर करने पर उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर में दाखिल किया गया। यहां उपचार के दौरान शनिवार को सूरजमनिया की मौत हो गई।

एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि मामले में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों को बयान दर्ज किया गया है। मामले की केस डायरी कोरिया पुलिस को भेजी जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *