नशे में धुत पोते ने ईंट से कुचलकर ले ली दादा की जान, आरोपी गिरफ्तार

dada ki hatya

सरगुजा. सरगुजा जिले के ग्राम नागम में बीती रात नशे में धुत पोते ने दादा की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। दादा अपने पोते को बेकार घूमने को लेकर फटकारता था। बीती रात जब पोता नशे में धुत होकर देर से घर पहुंचा तो दादा ने उसे डंडे से पीट दिया। इससे भड़के पोते ने दादा को मार डाला। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है। घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम नागम निवासी दिनेश नगेशिया (22) शुक्रवार को होली खेलने गांव की ओर गया था। वापस लौटने के बाद वह शाम को फिर से गांव चला गया और देर रात शराब पीकर लौटा। नशे की हालत में लौटने पर दिनेश नगेशिया को उसके दादा लट्टी राम नगेशिया (61) ने टोका और उसकी डंडे से पिटाई कर दी।

डंडे से मारने पर आक्रोशित दिनेश नगेशिया ने अपने दादा को जमीन पर पटक दिया। उसने पास रखे ईंट से अपने दादा के सिर और कनपटी पर कई बार वार कर दिया। जब लट्टी राम गंभीर रूप से घायल हो गया तो उसे छोड़कर दिनेश नगेशिया सोने चला गया।

गंभीर रूप से लट्टी राम की मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों ने लुंड्रा पुलिस को दी। शनिवार को लुंड्रा पुलिस ने मृतक लट्टी राम के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि लुंड्रा पुलिस ने आरोपी दिनेश नगेशिया को घर से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद वह घर में जाकर सो गया था। पुलिस ने उसे घर से ही गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने बताया कि दिनेश नगेशिया कोई काम नहीं करता था और बेकार घूमता रहता था। इसे लेकर दिनेश नगेशिया को दादा लट्टी राम द्वारा पहले भी डांटते थे। बीती रात उसने डंडे से दिनेश नगेशिया को मार दिया था। पुलिस ने आरोपी दिनेश नगेशिया के खिलाफ धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *