9वीं की छात्रा ने एग्जाम में सप्लीमेंट्री आने के बाद किया सुसाइड

susait

सरगुजा. अंबिकापुर के कार्मेल स्कूल की 9वीं की छात्रा ने एग्जाम में सप्लीमेंट्री आने के बाद घर में फांसी लगा ली। 9वीं के फाइनल एग्जाम में छात्रा हिंदी विषय में फेल हो गई थी। छात्रा को स्कूल प्रबंधन ने परीक्षा देने के लिए एक और मौका भी दिया था। लेकिन शनिवार दोपहर वह घर में फांसी पर झूल गई।

परिजन उसे लेकर मिशन हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, रोजगार कार्यालय में पदस्थ क्लर्क मन कुमार राम की 14 साल की बेटी मानसी कक्षा 9वीं की छात्रा थी। कक्षा 9वीं की फाइनल परीक्षा में हिंदी के पेपर में उसे सप्लीमेंट्री आई थी। पिता के अनुसार स्कूल प्रबंधन ने एक और मौका देने के लिए कहा था। रिजल्ट आने के बाद वह परेशान थी।

शनिवार को मानसी थाना गांधीनगर स्थित अपने घर में थी। घर के दूसरे कमरे में पिता मन कुमार राम भी मौजूद थे। दोपहर लगभग 2 बजे मानसी का बड़ा भाई घर पहुंचा और उसने खाना देने के लिए मानसी को आवाज दी। मानसी की आवाज नहीं आने पर भाई उसके कमरे में पहुंचा। मानसी फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। उसने शोर मचाकर पिता को आवाज दी।

हॉस्पिटल पहुंचने से पहले मौत, नहीं मिला सुसाइड नोट

मानसी को तत्काल फंदे से उतारकर पिता और परिजन उसे लेकर मिशन हॉस्पिटल पहुंचे। मिशन हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मानसी को मृत घोषित कर दिया। मानसी के शव का पोस्टमॉर्टम अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में रविवार को किया गया।

मानसी ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर भी किसी प्रकार का कोई दबाव होने या अन्य कोई आरोप नहीं लगाया है।

स्कूल के शिक्षक भी पहुंचे हॉस्पिटल

घटना की सूचना पर कार्मेल स्कूल के शिक्षक भी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। शिक्षकों ने बताया कि मानसी शांत स्वभाव की थी। सप्लीमेंट्री आना कोई ऐसा बड़ा कारण नहीं था, जिससे वह फांसी लगा ले। उसके पास परीक्षा पास करने का मौका था।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *